कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में व क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राजीव सिरोही के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात के समय और खराब मौसम में होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने तथा यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षक यातायात द्वारा एक अभिनव पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत राजमार्गों के किनारे खड़े वाहनों, जैसे कि ट्रक, ट्रेलर, कार आदि पर उच्च गुणवत्ता वाली रिफ्लेक्टर (प्रतिबिंबित) टेप लगाई जा रही है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। अक्सर बिना रोशनी वाले या खराब परिस्थितियों में खड़े वाहन देर से दिखाई देते हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों को टक्कर का खतरा बना रहता है। यह रिफ्लेक्टर टेप हेडलाइट्स की रोशनी पड़ते ही चमकने लगती है, जिससे दूर से ही वाहन की उपस्थिति का पता चल जाता है और चालक को समय रहते सावधानी बरतने का मौका मिलता है।
यह पहल राजमार्ग सुरक्षा मानकों के अनुरूप है और इससे न केवल जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि यातायात की सुगमता में भी सुधार आएगा। यातायात पुलिस कानपुर देहात सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह की पहल ‘सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन’ के सिद्धांत को मजबूत करती हैं।











