आकानपुर देहात ज दिनांक 21.12.2025 को बढ़ते घने कोहरे के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में एक विशेष कार्यक्रम एवं समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर एवं क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद द्वारा समस्त पुलिस वाहन चालकों, पीआरवी कर्मियों तथा पैट्रोलिंग दलों को कोहरे की परिस्थितियों में सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही, जनपद के समस्त थानों की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम्स तथा डायल-112 प्रभारियों के साथ दुर्घटना-प्रवण चौराहों/मार्गों के विश्लेषण एवं नियंत्रण हेतु रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदया के मार्गदर्शन में यह निर्देश दिए गए कि “यदि कोहरा जानलेवा है, तो सड़क किनारे असुरक्षित ढंग से वाहन रोकना उससे भी अधिक खतरनाक सिद्ध हो सकता है। सदैव निर्धारित पार्किंग स्थल अथवा सर्विस लेन का ही उपयोग करें। आपकी एक सतर्क पार्किंग अनेक जीवन की रक्षा कर सकती है।”
कार्यक्रम के उपरांत, पुलिस वाहनों (पीआरवी) को जनपद के विभिन्न राजमार्गों एवं मुख्य मार्गों पर विशेष पैट्रोलिंग एवं जागरूकता अभियान हेतु तैनात किया गया है। इन वाहनों पर लगे पी.ए. सिस्टम के माध्यम से आम नागरिकों को कोहरे में वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में सतत प्रसारण किया जा रहा है।
आम जनता से निवेदन है कि घने कोहरे के दौरान निम्नलिखित बातों का विशेष रूप से पालन करें:
– वाहन की गति नियंत्रित रखें।
– फॉग लाइट एवं लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करें।
– आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
– अत्यधिक कोहरे की स्थिति में वाहन सुरक्षित स्थान पर ही रोकें।
यूपी पुलिस/कानपुर देहात पुलिस का सन्देश:- “धीमी गति, सुरक्षित यात्रा। कोहरे में सतर्कता ही सुरक्षा का आधार है।”
पुलिस प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस शीत ऋतु में प्रत्येक नागरिक सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुँच सके।










