खाद न मिलने पर विवाद, वीडियो वायरल; सीओ ने जांच की बात कही
सिरसा कलार,जालौन। जालौन जिले के सिरसाकलार क्षेत्र में खाद वितरण केंद्र पर एक किसान को पुलिसकर्मी द्वारा धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना बुधवार शाम को यूरिया खाद न मिलने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
सिरसाकलार समिति में यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ जमा थी। लाइन में लगे सिरसाकलार निवासी एक युवक को सचिव ने खाद देने से मना कर दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए एक पुलिसकर्मी से युवक की कहासुनी हो गई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उस किसान को लाइन से हटाकर धक्का देते हुए और कॉलर पकड़कर सड़क की ओर ले जाते हुए दिख रहा है। किसी ग्रामीण ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। हालांकि, दैनिक यूथ इंडिया इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग खाद की कमी और वितरण व्यवस्था पर चर्चा कर रहे हैं। क्षेत्र में किसान यूरिया खाद के लिए समितियों में घंटों लाइन में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि निजी दुकानदार यूरिया खाद महंगे दामों पर बेच रहे हैं, जबकि रबी की फसल में सिंचाई के बाद यूरिया की अत्यधिक आवश्यकता होती है। इस वायरल वीडियो के संबंध में सीओ जालौन शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर इसकी जांच की जाएगी।











