जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में “जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति” की बैठक का आयोजन माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में किया गया। बैठक में आधार नामांकन, अद्यतन कार्यों की स्थिति, आधार प्रमाणीकरण और डी.बी.टी. योजनाओं के आच्छादन की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की अधिकांश योजनाओं में आधार कार्ड जरूरी है, ऐसे में इसकी अद्यतनता तथा सुलभता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में नए आधार नामांकन, अपडेशन की गति बढ़ाई जाए तथा आधार से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होनें कहा कि 0-5 वर्ष के बच्चों का आधार नामांकन प्राथमिकता से किया जाए। इसमें कोई त्रुटि न हो। बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा स्वास्थ्य विभाग अपने अधीनस्थ बच्चों का आधार बनवाने की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण करें। सभी आधार सेवा केन्द्रों पर सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएँ, जिन पर अपडेट, शिकायत, सेवा की प्रक्रिया आदि की स्पष्ट जानकारी हो। डी.बी.टी. आधारित योजनाओं में आधार प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई और वंचित लाभार्थियों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी व्यक्तियों को एक निश्चित समय अवधि के बाद आधार अपडेट करना जरूरी होता है, ऐसे में सभी व्यक्ति अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर आधार अपडेट जरूर करायें। उन्होंने सभी सेवा प्रदाता संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र पर आने वाले व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने जनसामान्य हेतु बताया कि नज़दीकी आधार केंद्र का पता जानने हेतु https://bhuvan-app3.nrsc.gov.in/aadhaar पोर्टल पर लॉग इन करें। शिकायत दर्ज करने के लिए https://myaadhaar.uidai.gov.in/file-complaint पोर्टल पर लॉग इन करें। अपडेट सेवा अनुरोध स्थिति https://myaadhaar.uidai.gov.in/grievance-feedback-status/en पोर्टल पर उपलब्ध है तथा सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर: 1947 अथवा ईमेल: help@uidai.gov.in पर संपर्क करें।
बैठक में आगामी रणनीति के तहत आधार सेवाओं की गुणवत्ता और सुलभता बढ़ाने हेतु समेकित प्रयासों पर बल दिया गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एके सिंह, UIDAI के नामित सदस्य सहायक प्रबंधक आशुतोष सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रतिभा सिंह एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।











