पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय माती, अकबरपुर में मनाया गया 63वां केन्द्रीय विद्यालय स्थापना दिवस एवं वार्षिक खेलकूद दिवस

 

कानपुर देहात पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय माती, अकबरपुर में 63वां केन्द्रीय विद्यालय स्थापना दिवस एवं वार्षिक खेलकूद दिवस अत्यंत गरिमा, उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय कपिल सिंह, जिलाधिकारी कानपुर देहात द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत प्राचार्य ए. एच. अंसारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों नीलिमा यादव उप जिलाधिकारी ( नामित अध्यक्ष) आनन्द कुमार मिश्रा प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय, नीलिमा सिद्दीकी जिला खेल अधिकारी,अनूप सचान, शबाना परवीन, ज्योति एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का औपचारिक एवं हरित स्वागत किया गया।
प्राचार्य ए. एच. अंसारी ने अपने उद्बोधन में केन्द्रीय विद्यालय संगठन की 63 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा, विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षिक गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन शिक्षा की सुरक्षित और समृद्ध धारा है, जिसने देश को अनेकों उत्कृष्ट नागरिक दिए हैं। स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारे दायित्वों की पुनःस्मृति है, जो प्रत्येक विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी को उत्कृष्टता, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत,विद्यालय गीत, तथा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। योगाभ्यास, भारत दर्शन एवं पिरामिड निर्माण के प्रभावशाली प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से मंत्रमुग्ध किया। मुख्य अतिथि कपिल सिंह जिलाधिकारी कानपुर देहात ने समस्त कार्यक्रमों का अवलोकन करने के बाद अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, निरंतर परिश्रम तथा स्वस्थ खेल भावना को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने छात्रों को विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने के लिए प्रोत्साहित किया तथा जीवन में विद्यालय एवं कलम की ताकत के महत्व को बताया । उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए योग और नियमित व्यायाम के महत्व पर विशेष बल देते हुए करो योग ,रहो निरोग एवं अहम ब्रह्मास्मि का मंत्र दिया । अपने वक्तव्य में उन्होंने जीवन निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए विद्यालय द्वारा संचालित शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को भी सुदृढ़ करते हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अत्यंत आवश्यक एवं सराहनीय हैं। वार्षिक खेलकूद दिवस के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर, 50 मीटर स्पून – मार्बल दौड़, 50 मीटर बोरा दौड़ सहित अनेक खेल स्पर्धाएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें माननीय मुख्य अतिथि द्वारा बच्चों को दौड़ के लिए हरी झंडी दिखाकर प्रोत्साहित करना खेलों का मुख्य आकर्षण रहा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय ,तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय स्तर खेलकूद प्रतियोगिता के खो – खो में विजेता साक्षी सिंह कक्षा नौ, नितिन एवं उपलक्ष्य कक्षा 11 के विद्यार्थियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया ।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में भाषण, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, कला प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त पूर्व छात्रों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए गए, जिनसे विद्यार्थियों को प्रेरणादायक अनुभव प्राप्त हुआ। विज्ञान विभाग, स्काउट-गाइड, एन.सी.सी., ईको क्लब एवं खेल विभाग द्वारा उपलब्धियों, मॉडलों एवं प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। उप प्राचार्य श्री राजकुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन स्मिता बाजपेई, प्रमोद कुमार, संतोष कुमार एवं साधना कुमारी सचान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य, उपप्राचार्य,दोनों पालियों के मुख्याध्यापक, शिक्षक ,अभिभावक गण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें