मतदाता सुविधा को प्राथमिकता: शनिवार–रविवार को नगरीय क्षेत्रों में लगाए जाएंगे विशेष मतदाता कैंप

कानपुर देहात जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार एवं अन्य नियुक्त मजिस्ट्रेटों की उपस्थिति में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में जनपद के विभिन्न पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2025 से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुँचाते हुए पुनरीक्षण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण कराना था। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि 2025 की मतदाता सूची में सम्मिलित प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा इससे पूर्व तीन बैठकों में भी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रत्येक गतिविधि, प्रक्रिया तथा दिशा-निर्देशों का विस्तृत विवरण प्रदान किया जा चुका है। बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में अब तक 90% से अधिक मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य बीएलओ द्वारा पूर्ण कर लिया गया है, किंतु 2003 की वोटर लिस्ट से मैपिंग का शेष कार्य बीएलओ स्तर पर अपेक्षित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों से अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं उनमें प्रथम दृष्टया संभावना है कि संबंधित मतदाता किसी अन्य स्थान पर पंजीकृत हैं, या बीएलए/बीएलओ द्वारा घर-घर वितरण के उपरांत भी मतदाता द्वारा गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने में रुचि नहीं ली गई है, अथवा मतदाता एएसडी(अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) श्रेणी में आ चुके हैं। एएसडी(अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) श्रेणी के मतदाताओं की सूची संबंधित बीएलओ द्वारा बीएलए को सतत उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह लोकतंत्र एवं राजनीतिक दलों के हित में है कि सभी दल 11 दिसंबर 2025 से पूर्व बीएलओ के माध्यम से एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) श्रेणी की सूची का भौतिक सत्यापन अवश्य पूर्ण कर लें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता निर्धारित तिथि तक अपना गणना प्रपत्र भरने से वंचित न रह जाए। इस पर सभी राजनीतिक दलों ने एक स्वर में बीएलए–बीएलओ के मध्य ससमय संपर्क एवं सभी लंबित गणना प्रपत्रों के त्वरित संकलन हेतु सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बीएलए तत्काल अपने-अपने बीएलओ से संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन कार्य गति से सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि अब बीएलओ द्वारा प्रत्येक घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का अंतिम चरण में एकत्रीकरण प्रारम्भ किया जा रहा है। नौकरीपेशा तथा उद्यमी वर्ग की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार एवं रविवार को नगरीय क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे तथा इन कैंपों के लिए पृथक से अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने अपील की कि यदि किसी भी नौकरीपेशा या उद्यमी मतदाता ने अब तक अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराया है, तो वह तत्काल गणना प्रपत्र भरकर हस्तांतरित कर दें, जिससे एसआईआर–2025 की प्रक्रिया पूर्ण शुचिता, पारदर्शिता एवं त्रुटिरहित रूप से सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने एक बार पुनः भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक मतदाता केवल एक ही गणना प्रपत्र भरेगा तथा एक से अधिक प्रपत्र भरना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने समस्त नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे डुगडुगी एवं अन्य पारंपरिक माध्यमों से व्यापक जनसंचार कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के बारे में प्रत्येक नागरिक को अवगत कराएं। अंत में जिलाधिकारी ने बताया कि जिला कॉन्टैक्ट सेंटर/मतदाता हेल्पलाइन नंबर 05111–297056 तथा टोल-फ्री नंबर 1950 पर कोई भी मतदाता अपनी मतदाता सूची, सुधार, पंजीकरण अथवा निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकता है। बैठक में अधिक मजिस्ट्रेट अवनीश कुमार, शालिनी उत्तम, विभिन्न पार्टी के प्रतिनिधिगण बीजेपी से श्यामू शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान, डॉ नरेंद्र सिंह, बृजमोहन यादव, कांग्रेस पार्टी से गोविन्द यादव, सीपीआई से रामऔतार भारती, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरवर प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें