राम स्वरूप ग्रामोद्योग महाविद्यालय, पुखरायां में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित, VBYLD -2027 में सहभागिता हेतु युवाओं को किया गया प्रेरित

कानपुर देहात। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, कानपुर देहात के तत्वावधान में राम स्वरूप ग्रामोद्योग महाविद्यालय, पुखरायां, कानपुर देहात में युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) के संबंध में जागरूक करना तथा अधिक से अधिक संख्या में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को VBYLD के उद्देश्य, विभिन्न चरणों, प्रतिभागिता की प्रक्रिया तथा VBYLD Quiz के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने, नवाचार, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्त जीवन, स्वस्थ समाज तथा सकारात्मक युवा सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी, माय भारत प्रिया तिवारी, राम स्वरूप ग्रामोद्योग महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार सिंह, सहायक आचार्य डॉ. आदित्य, डॉ. सविता गुप्ता, डॉ. प्रबल प्रताप सिंह एवं डॉ. पर्वत सिंह, तथा माय भारत स्वयंसेवक इमराना एवं मो. तालिब उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत की प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें