पुखरायां, कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दौलतपुर निवासी अमित कुमार कठेरिया की पिछले दिनों हैदराबाद में हुई सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जालौन-गरौठा-भोगनीपुर सांसद नारायण दास अहिरवार मंगलवार को ग्राम दौलतपुर स्थित मृतक के निज निवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सांसद नारायण दास अहिरवार ने मृतक अमित कुमार कठेरिया की पत्नी एवं परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार की समस्याओं को सुना और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर परिवार की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इसी दौरान ग्राम दौलतपुर के ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से सांसद को अवगत कराया। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद नारायण दास अहिरवार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश देने की बात कही।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री, प्रदेश सचिव काशिफ खान, आरिफ खान, ताजेम अली, शीलू खान, आबू फैजान, दौलतपुर के पूर्व प्रधान अबू खान सहित दर्जनों स्थानीय लोग एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।












