सेवा संकल्प अभियान को लेकर पालिका बोर्ड की विशेष बैठक

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक पुखरायां में चलेगा स्वच्छता, जागरूकता, सेवा एवं जनभागीदारी का विशेष अभियान

पुखरायां। नगर पालिका परिषद पुखरायां में पालिकाध्यक्ष पूनम दिवाकर की अध्यक्षता में पालिका सभागार में पालिका बोर्ड की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने विशेष सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, नगर विकास अनुभाग-5 द्वारा जारी शासनादेश के क्रम में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी पालिका बोर्ड के सदस्यों को दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य नगर में स्वच्छता, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा तथा जनभागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाना है।
दीप प्रज्ज्वलन से होगा अभियान का शुभारंभ
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पालिका कार्यालय, पटेल चौक पार्क, अम्बेडकर पार्क, कान्हा गौशाला सहित विभिन्न योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलन कराया जाएगा।
19 सितम्बर को स्वच्छता एवं गौसेवा
दिनांक 19 सितम्बर को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर के सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ कान्हा गौशाला में संरक्षित गौवंशों की सेवा का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
छात्रों में जागरूकता के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता
दिनांक 21 सितम्बर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एशियन पब्लिक स्कूल तथा जूनियर हाईस्कूल वार्ड नं. 17 राजेन्द्र नगर में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
नुक्कड़ नाटक से दिया जाएगा स्वच्छता का संदेश
अभियान के अंतर्गत “नमो सेवा—अनकही कहानियां” कार्यक्रम के माध्यम से नगर के प्रमुख सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर नागरिकों को स्वच्छता एवं जनहित के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं 25 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक नगर क्षेत्र में 157 घंटे का विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके माध्यम से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
दिनांक 28 से 30 सितम्बर तक प्रतिबंधित प्लास्टिक उन्मूलन एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत व्यापार मंडल एवं व्यापारियों के साथ जागरूकता बैठक, जागरूकता रैली तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
गांधी जयंती पर श्रमदान एवं सफाई मित्रों का सम्मान
दिनांक 02 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर पालिका परिसर में गोष्ठी, श्रमदान कार्यक्रम तथा सफाई मित्रों के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा 03 से 05 अक्टूबर तक नगर के वाटर बॉडीज की विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी। वहीं 13 से 17 अक्टूबर के मध्य “क्लीन ग्रीन त्योहार” के अंतर्गत पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पालिका सदस्यों से सक्रिय सहभागिता की अपील
बैठक के अंत में पालिकाध्यक्ष पूनम दिवाकर ने सभी सभासदों से सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को भव्य एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने तथा प्रत्येक कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर सक्रिय सहभागिता निभाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित पुखरायां के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
पालिकाध्यक्ष ने सभी सदस्यों एवं पालिका अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त किए जाने की घोषणा की।
बैठक में प्रमुख रूप से सभासद पूनम देवी, संतोष कुमार, कमलदीप, रमेशचन्द्र, कसुनील कुमार, बीना, शबाना, शर्मीला, प्रमोद सिंह, अखिलेश सिंह, कल्पना यादव, कमला सचान, अभिजीत सचान, अंकित कुमार अग्निहोत्री, नफीस अहमद, शकील अहमद, निर्भय सिंह, सचिन सचान, सुनील वाल्मीकि, प्रमोद त्रिपाठी, देवेन्द्रनाथ राही तथा लिपिक जीतेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें