कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूगर्भ जल प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूगर्भ जल के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ इसके संतुलित उपयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इस दिशा में सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूगर्भ जल स्तर को बनाए रखने के लिए वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण एवं पुनर्भरण संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भूगर्भ जल संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
बैठक में भूगर्भ जल दोहन से संबंधित प्राप्त आवेदनों, अनुमतियों एवं अन्य प्रक्रियात्मक विषयों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी मामलों का पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित विभाग भूगर्भ जल प्रबंधन से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।












