कालपी लूटकांड में बड़ा धमाका

कालपी लूटकांड में बड़ा धमाका

कालपी (जालौन)
कालपी नगर में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब राजघाट निवासी संतोष कुमार पुत्र स्व. जगदीश प्रसाद, जो टरननगंज बाजार में चूड़ी की दुकान चलाते हैं, ने पुलिस से शिकायत की कि उनसे कट्टा दिखाकर 5200 रुपये की लूट की गई।
संतोष ने आरोप लगाया कि नारायण पुत्र गुड्डू निवासी बड़ा बाजार ने सिगरेट लेने के बहाने पैसे छीने और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कोतवाली कालपी में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
लेकिन, उनका आरोप है कि चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह चंदेल ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और अभद्र व्यवहार किया।
व्यापारी ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने कहा – तेरे पास 5200 रुपये आए कहां से?
इस टिप्पणी के बाद व्यापार मंडल ने नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन को धरने की चेतावनी दी थी।

वायरल वीडियो ने पलटी कहानी

घटना के चौबीस घंटे बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पूरे मामले को उलट दिया।
वीडियो में वही संतोष कुमार मोहल्ले में गाली–गलौज, धमकी और दबंगई करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में वे न सिर्फ आम लोगों बल्कि पुलिसकर्मियों तक को अपशब्द कहते दिखे।
मोहल्ले में यह तमाशा घंटों तक चलता रहा, लोग मूकदर्शक बने रहे। अब सवाल उठ रहा है — यह लूट थी या झूठ का ड्रामा?

पुलिस हरकत में – चौकी इंचार्ज हटाए गए

वीडियो सामने आते ही कोतवाली प्रभारी ब्रह्मदत्त तिवारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह चंदेल को हटाया और जांच की जिम्मेदारी एसएसआई उदय प्रताप सिंह को सौंपी।

एसएसआई उदय प्रताप सिंह ने बताया
प्रारंभिक जांच में लूट नहीं बल्कि मारपीट की बात सामने आई है। वीडियो की जांच साइबर टीम कर रही है। सत्यता की पुष्टि होते ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन – झूठे व्यापारी से दूरी

8 नवंबर को नगर अध्यक्ष नमन अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि संतोष कुमार निषाद ने व्यापार मंडल को गुमराह किया और गलत सूचना दी।
वीडियो में उनकी स्वयं की दबंगई सामने आई है, इसलिए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर उपस्थित रहे –
नमन अग्रवाल (नगर अध्यक्ष), अमित गुप्ता (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), कुलदीप यादव उर्फ दीपू राजा (महामंत्री), श्रवण कुमार गुप्ता (कोषाध्यक्ष), सत्यनारायण साहू (छुन्ना), राहत रहमत, समीर धवन, रतनैश गुप्ता और गोलू विश्वकर्मा।

नमन अग्रवाल ने कहा
अगर कोई व्यापारी सच में पीड़ित है तो पूरा व्यापार मंडल उसके साथ है, लेकिन जो संगठन को गुमराह करेगा, उसके साथ कोई नहीं खड़ा होगा।

महमूदपुरा में अवैध कारोबार पर भी सवाल

ज्ञापन के दौरान व्यापारियों और नागरिकों ने महमूदपुरा क्षेत्र में चल रहे जुआ, सट्टा और स्मैक कारोबार का मुद्दा भी उठाया।
आरोप लगाया गया कि कुछ पुलिसकर्मियों के संरक्षण में ये अवैध धंधे फल-फूल रहे हैं।
व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि अपराध और नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगी, तो व्यापारी वर्ग आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

कोतवाली प्रभारी का बयान

कोतवाली प्रभारी ब्रह्मदत्त तिवारी ने कहा,
किसी भी व्यापारी या नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वीडियो की जांच जारी है। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

 

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें