राष्ट्रीय एकता दिवस पर “सरदार @150 – एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान” के अंतर्गत हुआ भव्य आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस पर “सरदार @150 – एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान” के अंतर्गत हुआ भव्य आयोजन
लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की मनायी गयी 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता का दिया गया संदेश।
स्पोर्ट्स स्टेडियम अकबरपुर से अकबरपुर डिग्री कॉलेज तक भव्य पदयात्रा (यूनिटी मार्च) का किया गया आयोजन।
अकबरपुर डिग्री कॉलेज में आयोजित हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, उपस्थितजनों को दिलायी गयी शपथ।
मा0 राज्यमंत्री व जिलाधिकारी ने अकबरपुर डिग्री कॉलेज परिसर में किया वृक्षारोपण
कानपुर देहात, 31 अक्टूबर 2025
आज लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद में “सरदार @150 – एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान” के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन जनपद स्तर, तहसील स्तर, विकास खण्ड स्तर, ग्राम पंचायतों व विद्यालयों में किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मा0 बाल विकास पुष्टाहार एवं महिला कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। माननीय मंत्री जी ने सर्वप्रथम पुलिस लाइन, कानपुर देहात से पुलिस विभाग द्वारा आयोजित “यूनिटी रन” कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन समर्पण, एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय अखण्डता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों, पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि वे ‘‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘‘ के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। इसके उपरांत स्पोर्ट्स स्टेडियम अकबरपुर से अकबरपुर डिग्री कॉलेज तक पदयात्रा (यूनिटी मार्च) का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, एम0एल0सी0 अविनाश सिंह चौहान, विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार, जिला अध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन0 सहित अन्य गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहें। एकता, अखण्डता और आत्मनिर्भर भारत के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। पदयात्रा उपरांत अकबरपुर डिग्री कॉलेज में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सरदार पटेल के जीवन और देश की एकता में उनके योगदान पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने सभी उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में मा0 मंत्री जी द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंगल दल के सक्रिय सदस्यों को भी उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार पटेल का योगदान केवल भारत के भौगोलिक एकीकरण तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने पूरे राष्ट्र को आत्मनिर्भरता, दृढ़ता और संगठन की भावना से जोड़ने का कार्य किया। आज हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाएंगे। इसके उपरांत माननीय राज्यमंत्री द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इससे पूर्व मा0 जिलाध्यक्ष रेणुका सचान तथा मा0 विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार पटेल भारतीय एकता के प्रतीक हैं, उनके अटूट साहस और संगठन कौशल के कारण ही देश एक सूत्र में बंध सका। आज जब भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है, तो सरदार पटेल के आदर्श और नीतियाँ हमें मार्गदर्शन देती हैं। उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी जब प्रत्येक नागरिक देश की प्रगति में सहभागी बने। अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, विद्यालयों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति में एकता, सौहार्द और देशभक्ति की भावना का संवर्धन करना है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में योगदान दें। कार्यक्रम पश्चात मा0 राज्यमंत्री व जिलाधिकारी ने अकबरपुर डिग्री कालेज परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, छात्र-छात्राऐं, गणमान्य नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।











