
रनिया विधानसभा में राम-जानकी महाविद्यालय बैरी सवाई में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने रखे विचार
कानपुर देहात।भारतीय जनता पार्टी रनिया विधानसभा क्षेत्र का पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सोमवार को राम-जानकी महाविद्यालय बैरी सवाई में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं अनिल शुक्ला वारसी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य भारत का पुनर्निर्माण कर समाज में जनजागरण लाना और देश को सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सिद्धांत हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति में निहित हैं, जो आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक और लोकतंत्र में भी विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक न्याय तथा समान अवसर मिलना चाहिए और धार्मिक आस्था की स्वतंत्रता केवल संवैधानिक प्रावधान नहीं बल्कि जीवन का मूल्य है। उन्होंने एकात्म मानव दर्शन को भाजपा का मूल दर्शन बताते हुए राष्ट्रीय पहचान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिना भेदभाव के चार करोड़ से अधिक मकान बनाए गए हैं तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 55 करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार मिल रहा है। नारी शक्ति वंदना अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।
जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने बूथ प्रबंधन और “मन की बात” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मन की बात राष्ट्रीय स्तर पर दिए गए संदेशों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण दो सीटों से शुरू हुई भाजपा आज 303 सीटों तक पहुंचने में सफल हुई है।
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाकर, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाकर और राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर अपने संकल्पों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे” के नारे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया है और आज कश्मीर में एक ही विधान और एक ही निशान लागू है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही गांवों में बिजली, सड़कों की कनेक्टिविटी, उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के साथ कई क्रांतिकारी विकास योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे गरीबों के उत्थान के लिए नई राह खुली है।
कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक बबलू शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला, मदन पांडेय, बंसलाल कटियार, मलखान सिंह चौहान, राजेश तिवारी, श्याम सिंह सिसोदिया, सौरभ मिश्रा, राजेश सचान, राजेंद्र सिंह चौहान, केपी सिंह, बाल जी शुक्ला, रागिनी भदोरिया सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।











