भोगनीपुर कानपुर देहात भोगनीपुर की तहसील भोगनीपुर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भारत गैस की सोना इंटरप्राइजेज गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि इन दिनों एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई देते हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई लोगों के माथे पर पसीना और चेहरे पर चिंता साफ झलक रही है, क्योंकि एक तरफ घर की जिम्मेदारियां हैं तो दूसरी तरफ गैस सिलेंडर लेने की मजबूरी।
मौके पर पहुंची मीडिया टीम से बातचीत करते हुए उपभोक्ताओं ने बताया कि एजेंसी के अंदर कई गाड़ियां जाती हैं और भरे हुए सिलेंडर लेकर बाहर निकल जाती हैं, जबकि लाइन में लगे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाता।
कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी पर गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
खबर कवरेज के दौरान लोगों को यह भी जानकारी दी गई कि वर्तमान समय में लगभग 930 रुपये के गैस सिलेंडर में होम डिलीवरी का करीब 27 रुपये चार्ज पहले से ही शामिल होता है। ऐसे में यदि उपभोक्ता स्वयं एजेंसी पर जाकर सिलेंडर लेते हैं, तो उनसे यह अतिरिक्त 27 रुपये नहीं लिए जाने चाहिए।
लेकिन जब इस संबंध में सिलेंडर वितरण कर रहे कर्मचारियों से उपभोक्ताओं ने बात की तो कर्मचारियों ने किसी भी प्रकार की कटौती करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर गरीब उपभोक्ताओं से अतिरिक्त पैसे क्यों लिए जा रहे हैं। यदि लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा होगा।
फिलहाल देखना यह होगा कि इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करता है और उपभोक्ताओं को इस समस्या से कब तक राहत मिलती है।









