जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी से मिलेगी निर्बाध आपूर्ति – जिलाधिकारी

 

कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर डीएम ने गैस एजेंसी वितरकों व अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर जनपद में संचालित गैस एजेंसियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 35 गैस एजेंसी वितरकों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू गैस कनेक्शनधारकों तथा 740 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी एजेंसियां नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विक्रय अधिकारी एचपीसीएल को निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के पास ओटीपी नहीं पहुंच पाता है, उनके लिए आईवीआरएस, मिस्ड कॉल, गूगल पे, फोन पे तथा व्हाट्सएप के माध्यम से वैकल्पिक बुकिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनपद में एचपीसीएल के 02 गैस एजेंसी वितरक संचालित हैं, जिनके अंतर्गत 27,199 घरेलू और 28 कामर्शियल कनेक्शनधारक हैं। वर्तमान में 707 एलपीजी रिफिल तथा 29 कामर्शियल सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की जानकारी हेतु एडवाइजरी व पंपलेट भी प्रदर्शित किए जाएं।
विक्रय अधिकारी आईओसी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि एजेंसी वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं की बुकिंग व्यवस्था सुचारु रखी जाए। जनपद में इंडेन कंपनी की 23 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे 1,10,337 घरेलू तथा 473 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में 4429 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 746 कामर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
इसी प्रकार बीपीसीएल की 10 गैस एजेंसियां जनपद में कार्यरत हैं, जिनके अंतर्गत 84,142 घरेलू और 239 कामर्शियल कनेक्शनधारक हैं। इन एजेंसियों के पास 2987 घरेलू तथा 729 कामर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने बीपीसीएल के विक्रय अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के कार्यालय और गोदामों का नियमित निरीक्षण करें तथा गठित टीमों से स्टॉक (आमद, वितरण और अवशेष) का प्रतिदिन सत्यापन कराएं। साथ ही गैस की कालाबाजारी या डायवर्जन की किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित विक्रय अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि होटल, प्रतिष्ठानों और अन्य व्यावसायिक उपयोग में आने वाले कामर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति के संबंध में भी अपनी-अपनी ऑयल कंपनियों के उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला तथा आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल के विक्रय अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें