कानपुर देहात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा स्थायी लोक अदालत में रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूपुर श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के पत्र के अनुपालन में स्थायी लोक अदालत, कानपुर देहात में एक-एक पद आशुलिपिक तथा पेशकार के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों पर नियुक्ति के लिए जिला न्यायालय अथवा कलेक्ट्रेट न्यायालय से सेवानिवृत्त ऐसे कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं जिनकी आयु 65 वर्ष से कम हो। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित मानदेय के आधार पर अनुबंधित किया जाएगा। आशुलिपिक एवं पेशकार पद के लिए 9000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है।
इच्छुक सेवानिवृत्त कर्मचारी जो स्थायी लोक अदालत, कानपुर देहात में उक्त पदों पर कार्य करने के इच्छुक हैं, वे अपना आवेदन पत्र 12 अप्रैल 2026 सायं 5:00 बजे तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित आवेदन प्रारूप जिला न्यायालय, कानपुर देहात की वेबसाइट http://kanpurdehat.dcourts.gov.in पर उपलब्ध है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने का अनुरोध किया है।












