उरई उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित किये जाने हेतु न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला दीवानी न्यायालय सभागार में समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इसमें उपस्थित न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस सम्बन्ध में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शम्भवी द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार समीक्षा बैठक में न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह ने उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो मामले नेशनल ज्यूडिशियल डाटा ग्रिड (एनजेडीजी०) पर दर्ज है, मात्र वहीं मामले इस लोकअदालत में निस्तारित किये जायेंगे। ऐसी स्थिति में सभी अधिकारी उनके न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में से ऐसे मामलों को तत्काल चिन्हित करके सम्बन्धित पक्षकारों को अविलम्ब सूचित करें तथा वादकारियों को सुलह-समझौते के लिये प्रेरित करें और अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण करें। उन्होंने दिनांक 13 व 14 मार्च 2026 तक प्रत्येक दिन आयोजित विशेष लोकअदालत में लघु शमनीय आपराधिक (पेटी ऑफेन्स), एन०आई०एक्ट के मामले एवं कन्टेसियस के मामलो को अधिक से अधिक संख्या में निस्तारित करने के लिये समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेट को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया, जिससे लघु शमनीय आपराधिक मामलों का निस्तारण हो सके। इसी क्रम में सम्बन्धित न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों को आगामी दिनांक 14.03.2026 को आयोजित होने वाली आर्बिट्रेशन मामलों की विशेष लोकअदालत हेतु अधिकाधिक संख्या में वाद नियत करने तथा उन्हें निस्तारित करने का भी निर्देश दिया गया।
इस बैठक में नोडल अधिकारी/अपर जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश मुहम्मद कमर, अपर जिला जज पारूल पंवार, भारतेन्द्र सिंह, सिविल जज सी०डि० अर्पित सिंह, सिविल जज सी०डि०/एफ०टी०सी० मनाली चन्द्रा, सिविल जज जू०डि०/न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रत्यूश प्रकाश, न्यायिक मजिस्ट्रेट शिंजनी यादव, अपर सिविल जज जू०डि० अंकिता सिंह, अपर सिविल जज जू०डि० अनिरूद्ध सिंह, अपर सिविल जज जू०डि० (14वां वित्त आयोग) शैजला एवं विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम सैयद अली मेहदी आबिदी उपस्थित रहे।









