कानपुर देहात पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस द्वारा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की (सीधी भर्ती-2025) परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर सतर्कता एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटल, लॉज, धर्मशालाओं एवं अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन चेकिंग की गई। होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन तथा जनपद की सीमाओं पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है। आम जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। नकल माफिया या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को समय रहते रोकने में पुलिस का सहयोग करें।












