13 मार्च 2026 को त्रुटिरहित परीक्षा सम्पन्न किये जाने हेतु होगा परीक्षा का पूर्वाभ्यास।
कानपुर देहात उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में दिनांक 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विस्तृत रूप से तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में समस्त केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं समन्वय के साथ करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होनें बताया कि जनपद में कुल 2312 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के आयोजन हेतु जनपद में कुल 06 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर इण्टर कालेज,अकबरपुर, दयानंद इण्टर कालेज बढ़ापुर, राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर, श्रीकृष्ण औद्योगिक इण्टर कालेज मोहम्मदपुर, भोगनीपुर एवं श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इण्टर कालेज पुखराया भोगनीपुर में आयोजित की जानी हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण कर लिया जाए ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की भी समुचित व्यवस्था धारा 163 के दृष्टिगत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मोबाइल टीमें भी सक्रिय रूप से भ्रमणशील रहेंगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी की गई है, जिससे सभी परीक्षा केंद्रों से समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी व महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मी द्वारा ही सुनिश्चित की जाए तथा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर लें और किसी भी कमी को तत्काल दूर कराएं। इस हेतु शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में केंद्रों की पूर्ण जांच दिनांक 12 मार्च को सुनिश्चित की जाएगी तथा परीक्षा के सकुशल संचालन हेतु पूर्व अभ्यास परीक्षा दिनांक 13 को ही आयोजित की जाएंगी जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की आशंका न रह जाये। परीक्षा बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण रखा जाएगा ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।










