कानपुर देहात | जिला उद्यान अधिकारी डॉ बल्देव प्रसाद ने बताया कि उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में किसानों को आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों से अवगत कराने हेतु सेमिनार एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस क्रम में दिनांक 11 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे राजकीय अलंकृत उद्यान, अकबरपुर (आलमचन्द्रपुर, माती रोड) के प्रांगण में कृषक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार में किसानों को आधुनिक फसलों से संबंधित वैज्ञानिक तथ्यों, नवीनतम तकनीकों तथा बागवानी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही किसानों की समस्याओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिनांक 12 मार्च 2026 को किसानों का भ्रमण “सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल उर्मदा, कन्नौज” में कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान किसानों को संरक्षित खेती (ग्रीनहाउस/पॉलीहाउस) एवं आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, जिससे अधिक से अधिक किसान प्रेरित होकर उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। जिला उद्यान अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं।










