कानपुर देहात | जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थित में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपदीय स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना रहा। बैठक की शुरुआत में गत बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि फैमिली कवरेज के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष 93.48 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की जा चुकी है, जबकि कुल लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 65.00 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पात्र व्यक्तियों में लक्ष्य के सापेक्ष 77.29 प्रतिशत कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा जननी सुरक्षा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने हेतु ठोस एवं प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त किया जाए। मातृत्व मृत्यु के मामलों पर विशेष संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की गहन समीक्षा कर कारणों की पहचान की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने समस्त एमओआईसी को अपने-अपने क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने एवं इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कमजोर एवं कुपोषित बच्चों की समय से पहचान कर उनके उपचार, रेफरल एवं पोषण सुधार हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम, आभा आईडी, क्षय रोग (टीबी) नियंत्रण कार्यक्रम, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, एसीएमओ डॉ. सुखलाल वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष बाजपेयी, सहित समस्त एमओआईसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











