रनियां में 30 हजार खाद्य तेल के डिब्बे सीज:8 जिलों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने की छापेमारी, होली के त्यौहार को लेकर प्रशासन अलर्ट

 

कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्र रनियां में संचालित चार बड़ी खाद्य तेल फैक्ट्रियों पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। ज्वाइंट कमिश्नर लखनऊ हरिशंकर सिंह के नेतृत्व में पहुंची 35 सदस्यीय टीम ने भारी अनियमितताएं पाए जाने पर नमूने संकलित करते हुए लगभग 30 हजार नग खाद्य तेल सीज कर दिया। कार्रवाई देर रात तक चलने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा। ज्वाइंट कमिश्नर हरिशंकर सिंह ने बताया कि होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य तेल की मांग बढ़ने पर मिलावटी तेल की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश भर में 58 टीमों द्वारा 70 से अधिक इकाइयों पर छापेमारी की गई, जबकि कानपुर देहात के रनियां औद्योगिक क्षेत्र में संचालित मयूर वनस्पति, बावर्ची वनस्पति, वैभव एडिबिल ऑयल मिल और अग्रवाल एग्रो में व्यापक जांच की गई। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक जारी रही। एक दर्जन से अधिक वाहनों से पहुंची टीम में आठ जिलों के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी (डीओ) और खाद्य निरीक्षक शामिल रहे। जांच के दौरान विभिन्न ब्रांडों के पाउच, टीन, डिब्बे और गत्तों में पैक लगभग 30 हजार नग खाद्य तेल सीज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि संकलित नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ज्वाइंट कमिश्नर ने उपभोक्ताओं से अपील की कि खाद्य तेल खरीदते समय पैकेजिंग, लेबल और गुणवत्ता की सावधानीपूर्वक जांच करें, ताकि मिलावटी उत्पादों से बचा जा सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें