कानपुर देहात दिनांक 24 फरवरी 2026
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के अनुरूप जनपद स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना विकास तथा औद्योगिक गतिविधियों में तीव्रता लाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद में उद्योग स्थापना हेतु प्राप्त प्रस्तावों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे औद्योगिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित सूचकों (इंडिकेटर्स) पर प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागवार लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, उन्हें कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रोजगार सृजन से संबंधित योजनाओंकृस्वरोजगार, एमएसएमई इकाइयों की स्थापना, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आधारभूत संरचना के अंतर्गत सड़कों, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अन्य निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद स्तर पर सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा प्रत्येक माह प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की प्राप्ति में जनपद की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ करें। जिलाधिकारी द्वारा पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वेएवं एनुअल सर्वे ऑफ अनइनकॉरपोरेटेड सेक्टर की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गये।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, उपायुक्त मनरेगा गंगाराम, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त श्रम रोजगार अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, उप निदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव, जिला अर्थ एवं सांख्याधिकारी प्रतिभा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।











