दुर्गा मन्दिर से निकली श्रीमद्भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा, पीला घाट से लाया गया यमुना जल

 

कालपी (जालौन)। नेशनल हाईवे किनारे स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में 22 फरवरी से प्रारंभ हो रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य कलश यात्रा बड़े धूमधाम के साथ निकाली गई। दोपहर करीब 3 बजे मंदिर प्रांगण से बैण्ड-बाजों के साथ निकली यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई पवित्र यमुना नदी के पीला घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यमुना जल भरा और पुनः मंदिर लौटे।
कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पीतवस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए श्रद्धाभाव से शामिल हुईं। पुरुष श्रद्धालु ध्वज- पताकाएं लेकर जयकारों के साथ आगे-आगे चल रहे थे। पूरे मार्ग में “राधे-राधे” और “जय माता दी” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजक मंदिर के पुजारी राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी द्वारा किया जा रहा है। कथा व्यास सुनील द्विवेदी की अगुवाई में तथा पारीक्षित सौम्या गुप्ता (पत्नी रवि गुप्ता) की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कथा व्यास ने प्रथम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया। मंदिर प्रांगण में 22 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रतिदिन कथा का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन दोपहर से सायंकाल तक प्रवचन एवं भजन-कीर्तन का कार्यक्रम रहेगा। सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए स्वयंसेवकों की टीमें लगाई गई हैं, वहीं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। कलश यात्रा में प्रमुख रूप से राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी (पुजारी), धर्म सिंह यादव, राजू पाठक, आशुतोष मिश्रा, राजेन्द्र पाल, राना रामनारायण, सेवाराम पाल, राकेश विश्वकर्मा, शीलू महाराज, पवन दीप निषाद (प्रधान), शिवांग शुक्ला, हरिश्चंद्र दीक्षित बापू, वीरेंद्र सिंह, राकेश यादव, अमरीश अग्रवाल (सभासद), जानू महाराज, संजीव नगाइच, वलराम द्विवेदी, मनोज पाण्डे, दीपू द्विवेदी, नरेंद्र यादव, लल्लू निषाद, मामा कोटेदार सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें