प्रातः 10:30 बजे से सायं 01:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर आमजन से दावे एवं आपत्तियां करेंगे प्राप्त ।
कानपुर देहात उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि
मा० मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद कानपुर देहात में अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण संचालित है। उक्त पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि में प्राप्त की जा रही हैं, जिसकी अंतिम तिथि 06 मार्च 2026 निर्धारित है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 (रविवार) को जनपद के समस्त पदाभिहित स्थलों/मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 10:30 बजे से सायं 01:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर आमजन से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। विशेष अभियान दिवस पर संबंधित मतदान केंद्रों पर दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली उपलब्ध रहेगी। साथ ही नाम सम्मिलन, विलोपन एवं संशोधन से संबंधित सभी प्रपत्र—फॉर्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8—पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे, जिससे पात्र नागरिक अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर समस्त बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाएगी तथा अभियान की सतत निगरानी की जाएगी। जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की जाती है कि वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाते हुए अपने नामों का सत्यापन कर आवश्यक दावे/आपत्तियां समय से प्रस्तुत करें, जिससे निर्वाचक नामावली शुद्ध एवं अद्यतन रूप में तैयार की जा सके।











