कानपुर देहात मा० निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मामुक्तेश्वरी देवी सभागार कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान आयोग द्वारा निर्गत नवीन दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रदान की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि आयोग के निर्देशानुसार 22 फरवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:30 बजे से बीएलओ उपस्थित रहेंगे तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों का निष्पादन करेंगे। बैठक में बताया गया कि विशेष अभियान दिवस पर पदाभिहीत स्थलों (मतदान केंद्रों) पर पदनामित अधिकारी उपस्थित रहकर दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली उपलब्ध रखेंगे। साथ ही दावे एवं आपत्तियों से संबंधित समस्त प्रपत्र, यथा फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे, ताकि मतदाता अपने नाम जुड़वाने, संशोधन अथवा विलोपन संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता बढ़ाने तथा अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय सहयोग हेतु निर्देशित करने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। यह भी बताया गया कि विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सहित समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर बीएलओ, सुपरवाइजरों एवं पदाभिहीत अधिकारियों की उपस्थिति एवं कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन यादव, कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव, आम आदमी पार्टी से रोहित यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











