कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा आज सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर आयोजित जनजागरूकता बाईक रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, ऐसे में इसके सुरक्षित, जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग के प्रति आमजन को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सेफर इंटरनेट डे का उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन गोपनीयता, सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में सजग करना है। बाईक रैली के माध्यम से जिले के विभिन्न मार्गों पर आमजन को यह संदेश दिया गया कि इंटरनेट का प्रयोग सोच-समझकर करें, अनजान लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें। संयुक्त निदेशक (आई)टी0)/ जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विकास गुप्ता द्वारा बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रोद्योगिकी मंत्रालय , भारत सरकार के तत्वाधान मे प्रत्येक वर्ष के फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को सेफर इंटरनेट डे मनाया जाता है। जिलाधिकारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग शिक्षा, नवाचार और सामाजिक विकास के लिए करें तथा अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित इंटरनेट न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए बल्कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। इस अवसर पर पुलिस एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली में प्रतिभागियों द्वारा सेफर इंटरनेट से संबंधित संदेशों वाले बैनर एवं स्लोगन प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन से जिले में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता को नई दिशा मिली। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।











