
पुखरायां कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के 17 दिनों बाद महिला की घर पर मौत हो गई।परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल गेट पर जमकर हंगामा किया।सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थित को शांत कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।सट्टी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी दीपक ने बताया कि उनकी पत्नी अलका 24 वर्ष को प्रसव के लिए 19 जनवरी को पुखरायां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।ऑपरेशन के बाद उन्होंने एक लड़के को जन्म दिया।इस दौरान ऑपरेशन के बाद अलका की हालत बिगड़ने लगी।तत्पश्चात 20 जनवरी को अस्पताल कर्मचारियों ने अलका को एक निजी वाहन से कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया।वहां पर चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद बच्चेदानी में संक्रमण हो गया था।।
हालत में सुधार न होने पर उन्हें कानपुर के ही दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां उनका उपचार चला।25 जनवरी को उन्हें घर भेज दिया गया था।गुरुवार सुबह अलका की घर पर ही मौत हो गई।जिसके बाद आक्रोशित परिजन अलका का शव लेकर स्थानीय अस्पताल के गेट पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह,तहसीलदार डॉ प्रिया सिंह,पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा,कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा बुझा कर स्थित को शांत कराया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।











