कानपुर देहात, 
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के कंपोजिट स्कूल बारा में स्थापित बूथ संख्या 196, 197, 198, 199, 200, 201 एवं 202 तथा प्राथमिक विद्यालय नवींपुर (नागिनजसी) स्थित बूथ संख्या 183, 184 एवं 185 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदाता सूची के सार्वजनिक वाचन की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया तथा ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रविष्टियों की जांच की गई। जिन मतदाताओं की फोटो स्पष्ट नहीं पाई गई, उनकी फोटो पुनः लेकर अद्यतन (अपडेट) कराने के निर्देश संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बीएलओ को प्रिव्यू ऑप्शन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा फॉर्म-6 के अंतर्गत नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही फॉर्म के साथ आवश्यक अभिलेख संलग्न कराने एवं घोषणा पत्र पर आवेदक के हस्ताक्षर सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बीएलओ से मोबाइल ऐप का संचालन कराकर उसकी कार्यप्रणाली भी परखी गई तथा त्रुटिरहित एवं समयबद्ध डाटा अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, जिसे सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर तहसीलदार अकबरपुर पवन सिंह, बीएलओ आदि उपस्थित रहे।











