कालपी (जालौन) सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के 30वें दिन उरई–बारा परियोजना के तत्वावधान में कालपी क्षेत्र में पुलिस एवं नगर प्रशासन के सहयोग से विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। यह अभियान सीओ कालपी अवधेश कुमार सिंह एवं ईओ कालपी की उपस्थिति में गल्ला मंडी, कालपी के आसपास संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना रहा।
इस दौरान सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं के गले में चमकीली रिफ्लेक्टिव पट्टियां पहनाई गईं, जिससे अंधेरे में उनकी दृश्यता बढ़ सके और वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके। साथ ही सड़क पर चलने वाली ट्रालियों पर रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि रात के समय पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्रालियों की स्पष्ट पहचान हो और संभावित हादसों से बचाव हो सके।
उरई–बारा परियोजना के प्रबंधक इंगलेश शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रयास सड़क सुरक्षा की दिशा में बड़ा योगदान देते हैं। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं परियोजना टीम ने आमजन से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, रात्रि में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा आवारा पशुओं एवं धीमी गति से चलने वाले वाहनों के प्रति सावधानी रखें। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण पहल बताया गया।











