कानपुर देहात। अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे कार्यों का उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को बूथों स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 257, 268 एवं 260 के अंतर्गत ग्राम परसौली, भुजपुरा तथा कस्बा रूरा स्थित नगर पंचायत कार्यालय में बनाए गए ब्लॉक स्तरीय हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ने बूथों पर तैनात बीएलओ से फार्म-6 के माध्यम से हो रहे नए मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सैकड़ों की संख्या में नए महिला मतदाताओं के फार्म-6 भरकर जमा करवाये। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मौके पर मौजूद महिला मतदाताओं से संवाद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाएगी। राज्यमंत्री ने गांवों में भ्रमण कर युवाओं और नए मतदाताओं से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे शीघ्र आवेदन कर अपना नाम जुड़वाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने फार्म-6 की कुल संख्या, लंबित आवेदनों की स्थिति तथा उनके निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बीएलओ का सहयोग करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापक सहभागिता से ही मजबूत और सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है। इस दौरान चैयरमैन रामजी गुप्ता, रविन्द्र अवस्थी पुच्चू, कमल शुक्ला, अंशु तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, बीनू मिश्रा, शिवा पांडेय, नितिन कुशवाहा, अंकित परमार, आलोक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।











