जिलाधिकारी ने की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

 

आवेदकों के आवेदन निर्धारित समय-सीमा में स्वीकृत किए जाएं : जिलाधिकारी

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वीकृत किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा आवेदकों को कागजी कार्यवाही के नाम पर परेशान न किया जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक दस्तावेज समयबद्ध रूप से पूर्ण कराकर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) द्वारा अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु जनपद को 2200 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। वहीं 31 जनवरी 2026 तक 1841 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक बैंकों को कुल 3385 आवेदन प्रेषित किए गए हैं। इनमें से बैंकों द्वारा 1405 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 1367 आवेदकों को ऋण वितरित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उद्देश्य शिक्षित एवं प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत नए उद्योगों, परियोजनाओं एवं सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होने के साथ-साथ जनपद की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बैंकों से प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत आवेदनों तथा ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना का लाभ दिलाया जाए तथा सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही ज़ूम के माध्यम से संबंधित बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक भी बैठक से जुड़े।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें