शासकीय भवनों पर 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर की जाए आकर्षक प्रकाश व्यवस्था : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के सफल आयोजन हेतु की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

 

कानपुर देहात आगामी उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन को सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आज मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर राज्य की सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन करते हुए इन कार्यक्रमों का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं भव्यता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त शासकीय भवनों, कार्यालयों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर समुचित एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाए। विशेष रूप से उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर सभी शासकीय भवनों को प्रकाश से सजाया जाए। साथ ही उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालय परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने 26 जनवरी के कार्यक्रमों के संबंध में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियत समय पर ध्वजारोहण सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से सम्पन्न हों, इसके लिए पूर्व से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के विद्यालयों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रभात फेरी, चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता आदि का आयोजन कराएं। उन्होंने कहा कि आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, संविधान की मूल भावना तथा मतदान के महत्व से अवगत कराया जाए। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी को महिला एवं पुरुष साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा ।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं चिकित्सा व्यवस्था के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा एवं नव मतदाताओं को अपने मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अत्यंत आवश्यक है। अतः मतदाता पंजीकरण एवं शुद्ध मतदाता सूची के महत्व पर विशेष ध्यान दिया जाए। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस से संबंधित सभी कार्यक्रमों में आपसी समन्वय बनाए रखें तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन से प्राप्त निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य,अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एके सिंह, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन पूर्ण गरिमा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें