कानपुर देहात भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को दावे एवं आपत्तियों की साप्ताहिक सूची उपलब्ध कराए जाने के संबंध में आज एक महत्वपूर्ण बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट, कानपुर देहात में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा की गई। बैठक के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा–निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची साप्ताहिक रूप में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय रखने की अपील की तथा बताया कि 31 जनवरी 
को आयोजित विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाने का अनुरोध किया तथा यह भी स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र का भरना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 भरते समय मकान संख्या के साथ निकटवर्ती कोई स्पष्ट लैंडमार्क अंकित किया जाना आवश्यक है, जिससे सत्यापन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इसके अतिरिक्त फॉर्म-6, 7 एवं 8 से संबंधित प्रक्रियाओं, उपयोगिता एवं सावधानियों के विषय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रत्येक साप्ताहिक बैठक का विधिवत फोटोग्राफ एवं कार्यवृत्त (मिनट्स) सुरक्षित रखा जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी राजनीतिक दल द्वारा परिवर्धन/अपमार्जन से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त होती है अथवा किसी नागरिक द्वारा निर्वाचक नामावली में त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि की सूचना दी जाती है, तो ऐसे सभी प्रकरणों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा–निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी से श्यामू शुक्ला, आम आदमी पार्टी से रोहित यादव सहित अन्य संबंधित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।










