राजपुर कानपुर देहात – कानपुर देहात में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
10 दिन के भीतर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
बीती 4 जनवरी 2026 को राजपुर थाने में एक पिता ने तहरीर दी थी कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता के बयान और संकलित किए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी और बुधवार 14 जनवरी को मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी को घेर लिया गया।
बेहमई पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
थाना प्रभारी सनत कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी समीर पुत्र जाकिर को बेहमई पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी समीर राजपुर थाना क्षेत्र के ही अनंवा गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 21 वर्ष है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद आवश्यक पूछताछ की और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की सतर्कता से मिली कामयाबी
इस सफल कार्यवाही में थानाध्यक्ष सनत कुमार के साथ उपनिरीक्षक नीरज कुमार, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और हेड कांस्टेबल सुरेन्द्रनाथ की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।










