सांसद जी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक।

 

कानपुर देहात,  जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज  सांसद देवेन्द्र सिंह भोले की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट, कानपुर देहात में सुचारू रूप से चल रही है। बैठक में  जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति है। बैठक के प्रारम्भ में जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा स्पष्ट किया गया कि दिशा समिति की बैठक में केवल दिशा के अंतर्गत आने वाले विषयों पर ही चर्चा की जाए तथा अन्य स्थानीय अथवा विभागीय विषयों पर संबंधित फोरम अथवा विभागीय बैठकों में विचार किया जा सकता है। इसके उपरान्त  सांसद जी द्वारा गत बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान  सांसद जी ने परिवहन विभाग को अब तक ओवरलोड वाहनों एवं बिना नम्बर प्लेट के वाहनों पर की गई कार्यवाही का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। साथ ही फिटनेस सेन्टरों पर की गई जांचों की जानकारी भी सदन में प्रस्तुत करने को कहा गया।  सांसद जी द्वारा वृक्षारोपण के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने हेतु प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को निर्देशित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति के संबंध में जांच कराकर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये गये। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) को अपने कर्मचारियों की जनपद कानपुर देहात में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा अब तक कितने भवन मानचित्र स्वीकृत किये गये हैं, इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। डीसी एनआरएलएम को अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिये गये। जिला पूर्ति अधिकारी को नये राशन कार्ड निर्गत करते समय पात्रता एवं अपात्रता की जांच में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये। कौशल मिशन के अंतर्गत विगत तीन वर्षों में उपलब्ध कराये गये रोजगार की जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया। इसी क्रम में आरसेटी से वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रशिक्षित व्यक्तियों की संख्या की जानकारी भी सदन द्वारा मांगी गई।  सांसद जी ने एनएचएआई को बारा से कालपी मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने, अकबरपुर पुल से थाने तक सर्विस रोड का निर्माण कराने तथा विभिन्न स्वीकृत पुलों पर अग्रेत्तर कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत ग्रामों में कराये गये कार्यों का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिये गये। कुछ विषयों के संबंध में  सांसद जी द्वारा भारत सरकार से मार्गदर्शन प्राप्त करने के निर्देश दिये गये कि संबंधित विषय दिशा समिति के अंतर्गत आते हैं अथवा नहीं। जल निगम द्वारा कराये गये कार्यों की जांच तथा रोड रिस्टोरेशन कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिये गये, जिस पर अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा अवगत कराया गया कि शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर ली जाएगी। सांसद जी द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की गाइडलाइन सभी सदस्यों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गये। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, दिशा के नामित सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी/पीडी सुनील कुमार तिवारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें