कालपी में संस्कृति और उत्सव का संगम, मकर संक्रांति मेला व कालपी महोत्सव का शुभारंभ
कालपी महोत्सव ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, बड़ी संख्या में उमड़े लोग
कालपी (जालौन)। कालपी प्रेस क्लब कालपी के तत्वावधान में आयोजित कालपी महोत्सव एवं मकर संक्रांति मेला का भव्य शुभारंभ कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी द्वारा फीता काटकर किया गया। एस.पी. बालिका इंटर कॉलेज के सामने मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी मेले के उद्घाटन अवसर पर नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संचालक मुन्नालाल गुप्ता ने अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन ज्ञानेन्द्र मिश्रा द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात विधायक विनोद चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि मेला और प्रदर्शनी केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, बल्कि ये विभिन्न संस्कृतियों के मिलन का सशक्त मंच हैं। ऐसे आयोजनों से व्यक्ति का मानसिक विकास होता है और सामाजिक दायरा भी विस्तृत होता है, इसलिए इनका आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।
विधायक ने कहा कि प्रदर्शनी महज मनोरंजन या खरीदारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह भाषा, हुनर, कला और तकनीक का संगम होती है। यहां आने वाले लोग विभिन्न प्रकार के अनोखे उत्पादों और कलाकृतियों को देखकर न केवल आनंद लेते हैं, बल्कि उनमें जिज्ञासा और सीखने की भावना भी जागृत होती है। मेले में क्षेत्रीय खाद्य पदार्थों का स्वाद लेने का अवसर मिलता है और ऐसे उत्पाद भी उपलब्ध होते हैं, जो सामान्य बाजारों में आसानी से नहीं मिल पाते, साथ ही उनकी कीमत भी उचित होती है।
उन्होंने संचालक को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उन सामान्य परिवारों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होते हैं, जो नगर से बाहर घूमने नहीं जा पाते। ऐसे में यह मेला उन्हें अपने ही नगर में बाहर घूमने जैसा आनंद प्रदान करता है।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव ने मेले को नगर की पहचान बताते हुए कहा कि इससे कालपी की सांस्कृतिक और सामाजिक छवि को मजबूती मिलती है। वनखंडी देवी मंदिर के महंत जमुना दास महाराज ने आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर ऋषभ देव महाराज, कांग्रेस नेता योगेन्द्र नारायण शुक्ल, रामकुमार तिवारी एडवोकेट, संजीव उपाध्याय, कैलाश वाजपेयी, अशोक वाजपेयी, मनीष पाण्डेय, मनोज चतुर्वेदी, विशाल सिंह सेंगर, मनीष महाराज, शिव बालक सिंह यादव, जयवीर सिंह यादव, रविन्द्र श्रीवास्तव एडवोकेट, राजेश गुप्ता एडवोकेट, राजू पाठक, मनोज जाटव एडवोकेट, लालू जाटव, सुनील पटवा, बृजेन्द्र सिंह, प्रमोद बाजपेई, रंजीत यादव, हरिश्चन्द्र दीक्षित, सतीश द्विवेदी, शिव नारायण प्रजापति, आर.एन. शुक्ला, पवनदीप निषाद, दीपू चौहान, अनुराग पंडित, विवेक निगम, रोहणी शर्मा, योगेश द्विवेदी, महेंद्र निगम, अनिल बाजपेई, संजू नगाइच, दीपक शर्मा, नीलाभ शुक्ला, रेहान रजा, अंकित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मेले के शुभारंभ के साथ ही नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।











