कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा पुलिस कार्यालय में अपराध गोष्ठी का आयोजन कर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए। इस गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर श्री संजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर, स्पेशल टीम प्रभारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर विशेष ध्यान देने तथा निरोधात्मक कार्यवाही की प्रगतिशील समीक्षा पर चर्चा की गई। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाकर आम-जनमानस को जागरूक करने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया। त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु पर्याप्त संख्या में निर्धारित स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती एवं पैदल गस्त/रात्रि गस्त कर आम-जनमानस को उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया जाये। सभी अधिकारियों को संबंधित मामलों में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदया ने जनपद में शांति, व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्य करने का आदेश दिया तथा किसी भी प्रकार के साम्प्रदायिक उन्माद या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं की रोकथाम हेतु सतर्क रहने व ऐसे किसी भी संदर्भ में त्वरित एवं न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा एवं कानून के शासन को और सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।











