कानपुर देहात।यमुना नदी तट स्थित अमराहट घाट पर शव दाह संस्कार हेतु आने वाले लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब शीघ्र होने जा रहा है। आकाशदीप फाउंडेशन (सामाजिक संस्था) के पदाधिकारियों द्वारा राज्य मंत्री, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधायक सिकंदरा माननीय श्री अजीत पाल जी को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा गया।
संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि अमराहट घाट क्षेत्र का प्रमुख शव दाह संस्कार स्थल है, जहाँ प्रतिदिन क्षेत्र के सैकड़ों गांवों से लोग अपने परिजनों के अंतिम संस्कार हेतु आते हैं, लेकिन घाट पर प्रतीक्षालय अथवा बैठने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। शोक की घड़ी में महिलाओं, वृद्धजनों एवं बच्चों को धूप, सर्दी और बरसात में खुले आसमान के नीचे प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे उनका कष्ट और बढ़ जाता है।
मामले की गंभीरता एवं मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए माननीय अजीत पाल जी ने अमराहट घाट पर शीघ्र एक भव्य एवं स्थायी प्रतीक्षालय का निर्माण अपनी विधायक निधि से कराए जाने का आश्वासन दिया। मंत्री जी के इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में राहत की भावना देखी जा रही है।
इसी क्रम में संस्था के संरक्षक प्रदीप त्रिवेदी द्वारा मंत्री जी के समक्ष एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा गया, जिसमें क्षेत्रवासियों के लिए शव वाहन की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई। संस्था द्वारा बताया गया कि वर्तमान में लोग मजबूरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से शवों को घाट तक ले जाते हैं, जबकि सरकार द्वारा इस पर रोक भी लगाई गई है। तीनों मौसमों में यह व्यवस्था न केवल असुविधाजनक बल्कि अमानवीय है।
इस प्रस्ताव पर माननीय मंत्री जी ने स्पष्ट किया कि शव वाहन की व्यवस्था भी उनके द्वारा कराई जाएगी, जिसे आकाशदीप फाउंडेशन को समर्पित किया जाएगा तथा उसका संचालन संस्था द्वारा किया जाएगा। प्रतीक्षालय निर्माण के साथ शव वाहन उपलब्ध कराने के इस निर्णय की संस्था एवं क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।
इस अवसर पर मंत्री जी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधि मंडल में आकाशदीप फाउंडेशन के संरक्षक प्रदीप त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष राम अवतार राजपूत, सचिन, दिलीप कटियार, दीपू, उपसचिव प्रदीप गुप्ता, राजेश खन्ना, दिलीप श्रीवास्तव, प्रभु दयाल कुशवाहा एवं प्रवीण कटियार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री जी के इस मानवीय और जनहितकारी आश्वासन से आकाशदीप फाउंडेशन के पदाधिकारी अत्यंत उत्साहित एवं आश्वस्त नजर आए। संस्था ने मंत्री जी की संवेदनशीलता, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।











