डेरापुर ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश कमल ने की। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पांच सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी के नाम ब्लॉक के बड़े बाबू वीरेंद्र कुमार को सौंपा गया और शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।
पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम मंसूरी ने प्रमुख मांगों में कहा कि गेहूं की सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त समय तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरिया खाद सरकारी समितियों पर उपलब्ध नहीं है, जबकि निजी दुकानों पर महंगे दामों में खुलेआम बिक्री हो रही है, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा उन्होंने आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित किए जाने की मांग की। साथ ही शेरपुर गांव में सरकारी अभिलेखों में दर्ज तालाब गाटा संख्या 336 ख को कब्जा मुक्त कराने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि सरकार की हर घर जल योजना कागजों तक सीमित रह गई है। गांवों में जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज होने से पानी सड़कों पर बह रहा है और नलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह, रूपलाल, रणजीत सिंह, बृजपाल सिंह, जनक सिंह, रामबाबू भुल्लन, टेलर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।











