आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग/नोडल अधिकारी ने ग्राम कछगांव में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
नोडल अधिकारी ने सार्वजनिक भूमि के चिन्हांकन एवं संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण पर दिया विशेष जोर
कानपुर देहात,आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग/नोडल अधिकारी जनपद कानपुर देहात जी.एस. प्रियदर्शी की अध्यक्षता में विकास खंड मलासा के ग्राम कछगांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं जमीनी स्तर पर लाभ वितरण की गहन समीक्षा की गई। नोडल अधिकारी द्वारा विभागवार ग्राम में संचालित योजनाओं, लाभार्थियों की स्थिति तथा योजनाओं से प्राप्त लाभ के संबंध में जानकारी ली गई तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया। जल जीवन मिशन एवं आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत पाइपलाइन लीकेज एवं रोड रेस्टोरेशन कार्य में अनियमितताओं की शिकायत की गई, जिस पर नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर सभी कमियों को दूर कर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की मांग पर नोडल अधिकारी ने आवास प्लस सर्वे में सम्मिलित सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए।नोडल अधिकारी द्वारा ग्राम के भीतर स्थित तालाबों, चारागाहों, रास्तों, पंचायत भूमि एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की जमीनों के चिन्हांकन एवं संरक्षण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ग्राम समाज की भूमि का संरक्षण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। ग्राम में संचालित स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने समूहों की संख्या बढ़ाने एवं अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं तथा समूहों के बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। ग्रामीणों द्वारा राशन कार्ड, राशन वितरण एवं राशन घटतौली से संबंधित शिकायतों पर नोडल अधिकारी ने जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा यह निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे। साथ ही निराश्रितों, वृद्धजनों एवं पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजनाओं से जोड़ने एवं निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश भी दिए गए। शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए नोडल अधिकारी द्वारा ग्राम के पात्र एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद असहाय न रहे और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जाए। ग्राम चौपाल में कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, विद्युत, शिक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन एवं राशन विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभों पर संतोष व्यक्त किया गया, जिस पर नोडल अधिकारी ने योजनाओं के पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए योजना संबंधी स्टालों का अवलोकन किया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया। इसके उपरांत नोडल अधिकारी द्वारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया तथा स्वच्छ वातावरण एवं सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया। ग्राम चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ ए.के. पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, खंड विकास अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणजनों को प्रदान की गई।











