कानपुर देहात। रामजानकी महाविद्यालय, बैरी असई में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भाजपा मैथा मंडल के बूथ लेवल एजेंटों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत आयोजित बैठक को संबोधित किया। बैठक का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव–2027 के मद्देनजर मतदाता सूची को अधिक सटीक, शुद्ध और व्यापक बनाना रहा। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के फार्म-6 भरवाए जाएं तथा जिन नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें इस विशेष अभियान के तहत जोड़ने का हरसंभव प्रयास किया जाए। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विधानसभा चुनाव–2027 के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है, ऐसे में अब शेष पात्र मतदाताओं को जोड़ना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान मतदाता सूची की शुद्धता, अपात्र नामों के निरस्तीकरण, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। राज्यमंत्री ने बूथ लेवल एजेंटों को निर्देशित किया कि वे घर-घर संपर्क कर जागरूकता बढ़ाएं और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदान के अधिकार से जोड़ें। इस अवसर पर वतन अग्निहोत्री, बउवन द्विवेदी, कमल शुक्ला, मनीष सैनी, शैलू शुक्ला, भानू द्विवेदी, राजबाबू अग्निहोत्री, गौरव मिश्रा, घनश्याम अग्निहोत्री, विशाल कुशवाहा, रामप्रकाश, शेखर तिवारी, कलेक्टर नाथ, उमा बेरिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे











