उप मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में “नया साल बुजुर्गों के साथ” कार्यक्रम का भव्य आयोजन

उप मुख्यमंत्री जी ने बुजुर्गों को वितरित किए कंबल, नववर्ष की दी शुभकामनाएं

कानपुर देहात नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर जनपद कानपुर देहात में मानवता, सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। शीतलहर से प्रभावित बुजुर्गों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी के तत्वावधान में “नया साल बुजुर्गों के साथ” कार्यक्रम का भव्य आयोजन मैथा तहसील क्षेत्र अंतर्गत रामजानकी महाविद्यालय, बैरी असई परिसर में किया गया। कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 10 हजार बुजुर्गों को गर्म कंबलों का वितरण किया गया। इसके साथ ही बुजुर्गों के सम्मान, आत्मीयता एवं अपनत्व को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशाल महाभोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मैथा मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 10 हजार बुजुर्गों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने बुजुर्गों को कंबल वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उपस्थित जनसमूह को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमारी सरकार का मूल मंत्र सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता है और इसी भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं एवं सहायता को पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं पूर्व सांसद द्वारा किए जा रहे जनसेवा के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित  कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि शीतलहर के बीच इस प्रकार का आयोजन सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की संवेदनशील सोच को दर्शाता है, जिसमें समाज के कमजोर, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद वर्ग को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में पड़ रही भीषण ठंड को देखते हुए मैथा मंडल के प्रत्येक गांव से बुजुर्गों को आमंत्रित किया गया, ताकि उन्हें समय रहते राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि कंबल वितरण के साथ-साथ बुजुर्गों के सम्मान हेतु भोजन एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई। पूर्व सांसद ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए  उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, समस्त अतिथियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, क्षेत्रीय सम्मानित नागरिकों एवं कार्यक्रम में शामिल सभी बुजुर्गों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में  जिलाध्यक्ष भाजपा रेणुका सचान, अन्य  जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुयंष्त कुमार मौर्य सहित संबंधित अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। नववर्ष के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता का सशक्त संदेश देने वाला सिद्ध हुआ।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें