पुखरायां। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के देवीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 234 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा वितरित की गई।इस अवसर पर अधिकारियों ने स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बीमारी से बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।देवीपुर सीएचसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।
बरौर कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अलग अलग बीमारियों से पीड़ित कुल 82 मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई।वहीं मलासा में 78 तथा जरसेन में 74 मरीजों का उपचार किया गया।इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ डी के सिंह ने बरौर व मलासा तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी सिकंदरा डॉक्टर पवन कुमार ने जरसेन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वहां की साफ सफाई तथा चिकित्सा व्यवस्था को परखा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ विकास ने भीषण सर्दी के दृष्टिगत बीमारी से बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।उन्होंने कहा कि शीतलहर में बीमारी से बचने के लिए एक मोटा कपड़ा पहनने के बजाय कई पतले ढीले कपड़े पहनें,जिससे शरीर की गर्मी बनी रहे।सिर,कान,गर्दन,हाथ और पैरो को टोपी,मफलर,दस्ताने और मोजे से ढककर रखें।अनावश्यक यात्रा से बचें और लंबे समय तक बाहर न निकलें।समय समय पर चाय,सूप और अन्य तरल पदार्थ पीते रहें।
विटामिन सी युक्त फल सब्जियां खाएं।घर के अंदर रहें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें।साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें।साबुन से हाथ धोने के पश्चात ही खाना खाएं।अलाव या हीटर का इस्तेमाल करते समय हवा का उचित प्रबंध करें ताकि बीमारियों से बचाव हो सके।इस मौके पर डॉक्टर शशि, डॉक्टर रुचि श्रीवास्तव,डॉक्टर जयनीत कटियार,फार्मासिस्ट सुधीर कुमार,फार्मासिस्ट अनिल कुमार, त्रिलोकी नाथ, राम प्रताप,एल टी योगेंद्र सिंह,शिवम्, फहीम,दिव्यांशी,संगिनी रीता, ललिता, सुरेस आदि कर्मचारी मौजूद रहे।।











