कानपुर देहात 
पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में कानपुर देहात के सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन जनपद के मिशन शक्ति सहायक नोडल अधिकारी/ क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा सुश्री प्रिया सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान, मिशन शक्ति केंद्रों की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) से संबंधित विशेष प्रशिक्षण वीडियो प्रदर्शित किए गए। इन वीडियो के माध्यम से केंद्रों के दैनिक संचालन, महिलाओं व बालिकाओं की शिकायतों के संवेदनशील निस्तारण, पीड़िताओं को कानूनी व मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया, तथा डाटा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थित दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त, सुश्री सिंह ने महिला सशक्तिकरण व सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी, ताकि मिशन शक्ति केंद्र इन योजनाओं का लाभ पीड़िताओं तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के अंत में, मिशन शक्ति केंद्रों के सार्थक और प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनपद के सभी मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली में एकरूपता लाना, पीड़िताओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और समन्वित प्रयासों से महिला सुरक्षा को और मजबूत करना है।
इस प्रशिक्षण में जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों से जुड़े अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











