कानपुर देहात अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि जनपद में नागरिक सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत नागरिक सुरक्षा विभाग में नए नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक सदस्यों के चयन/नामांकन की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। इस क्रम में इच्छुक नागरिकों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन-पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को नागरिक सुरक्षा विभाग में निःस्वार्थ, अवैतनिक एवं सेवा-भाव से कार्य करने हेतु इच्छुक होना आवश्यक है। चयनित स्वयंसेवक आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था, जन-सहयोग तथा प्रशासन द्वारा निर्देशित अन्य कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। आवेदन-पत्र के साथ अभ्यर्थियों को शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, जन्म-तिथि प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थी द्वारा शपथ-पत्र प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा, जिसमें नागरिक सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित कर्तव्यों व दायित्वों के पालन, अवैतनिक सेवा, अनुशासन, नशा-मुक्त आचरण तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक/विभाग-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त न होने का स्पष्ट उल्लेख होगा। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके विरुद्ध किसी न्यायालय या पुलिस थाने में कोई आपराधिक प्रकरण लंबित न हो। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत पात्र अभ्यर्थियों का नामांकन नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनपद के जागरूक, अनुशासित एवं सेवा-भाव से प्रेरित नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रक्रिया में सहभागिता कर देश एवं समाज सेवा में अपना योगदान दें।











