कानपुर देहात, जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अवगत कराया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत मतदाता सूची का अनन्तिम प्रकाशन (Draft Publication) कल दिनांक 23 दिसम्बर 2025 को किया जाएगा। यह अनन्तिम मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कार्यालय, समस्त तहसील कार्यालयों, विकास खण्ड कार्यालयों एवं जनपद के सभी मतदान केन्द्रों पर प्रकाशित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2021 के अनुसार जनपद की 618 ग्राम पंचायतों में कुल 12,21,687 मतदाता पंजीकृत थे। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत कुल 1,59,399 परिर्धन, 20,578 संशोधन एवं 1,40,961 विलोपन किए गए हैं, जिसके फलस्वरूप 18,438 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है। इस प्रकार अनन्तिम प्रकाशन में कुल 12,40,125 मतदाताओं के नाम प्रकाशित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों की अनन्तिम मतदाता सूची जनसामान्य के निरीक्षण हेतु 24 दिसम्बर 2025 से 30 दिसम्बर 2025 तक उपलब्ध रहेगी। मतदाता सूची का निरीक्षण संबंधित बी०एल०ओ०, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उपजिलाधिकारी कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत/नगरीय), कक्ष संख्या-303, कलेक्ट्रेट सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर किया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका हो एवं जिसका नाम त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया हो, वह दिनांक 24 दिसम्बर 2025 से 30 दिसम्बर 2025 तक प्रपत्र-2 पर आवेदन भरकर अपने संबंधित बी०एल०ओ० को उपलब्ध करा सकता है।
इसके अतिरिक्त, मतदाता सूची में अपनी प्रविष्टि में संशोधन कराना चाहने वाले मतदाता प्रपत्र-3 पर आवेदन कर सकते हैं तथा किसी सम्मिलित मतदाता के नाम पर आपत्ति होने की स्थिति में प्रपत्र-4 पर आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अनन्तिम मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम, विवरण की जांच अवश्य कर लें, जिससे त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों के मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।











