कानपुर देहात शनिवार को तहसील मैथा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने तहसील स्तरीय अधिकारियों के साथ जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आमजन की निजी एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सख्त लहजे में कहा कि समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव स्तर की समस्याओं पर जोर देते हुए कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही किया जाए, ताकि ग्रामीणों को तहसील और ब्लॉक कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को त्वरित, सुगम और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मैथा राजकुमार पांडेय, तहसीलदार मैथा सुनील कुमार, खंड विकास अधिकारी संजू सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।










