कुठौंद कस्बे के एक युवक की ब्रेन हेमरेज के कारण हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। इलाज के दौरान युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कुठौंद कस्बा निवासी अनिल सिंह सेंगर (32) पुत्र राम मूरत सिंह सेंगर (फौजी) अपनी पत्नी आकांक्षा और एक साल की बेटी आराध्या के साथ सूरत के पुणे गांव में रहकर जीवन यापन कर रहा था। अनिल वहां एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।परिजनों के अनुसार अनिल का करीब चार महीने पहले ऑटो से एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। उस समय प्राथमिक इलाज के बाद वह ठीक नजर आ रहा था, लेकिन भीतर ही भीतर लगी चोट आगे चलकर जानलेवा साबित हुई।करीब एक सप्ताह पहले अचानक उसके सिर में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान वह कोमा में चला गया। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।डॉक्टरों के अनुसार युवक की मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया जा रहा है। अनिल की असमय मौत से पत्नी आकांक्षा, मासूम बेटी आराध्या और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही कुठौंद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया, वहीं परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।











