कुठौंद जालौनतेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुठौंद थाना क्षेत्र के नवासी गांव निवासी 35 वर्षीय विमल सेंगर उर्फ गुड्डू सेंगर की जिंदगी छीन ली। विमल अपने पिता का एकलौता पुत्र था। पिता से मुलाकात कर ससुराल लौट रहा विमल भोगनीपुर में कालपी रोड पर मौत का शिकार हो गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही बूढ़े मां-बाप पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।यह दर्दनाक हादसा भोगनीपुर में कालपी रोड स्थित टाटा मोटर्स के पास हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार विमल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।परिजनों के अनुसार विमल अपने साले गोपाल निवासी जोल्हूपुर के साथ कानपुर देहात के रनिया स्थित आरपी पॉली पैक फैक्ट्र में कार्यरत अपने पिता निर्भय सिंह सेंगर से मिलने गया था। निर्भय सिंह के लिए विमल ही जीवन का एकमात्र सहारा था। मुलाकात के बाद साला गोपाल सिंह बस से जोल्हूपुर चला गया, जबकि विमल अपनी पत्नी से फोन पर बात कर ससुराल रुकने की बात कहते हुए बाइक से निकल पड़ा। लेकिन रास्ते में आई यह टक्कर उसकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन गई।विमल खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। सीमित आमदनी के कारण वह प्राइवेट नौकरी की तलाश में भी लगा हुआ था, ताकि बच्चों का भविष्य बेहतर बना सके। लेकिन उसकी मेहनत और सपने अधूरे ही रह गए।घटना की सूचना भोगनीपुर पुलिस ने
मृतक के परिजनों को सूचना भिजवाई। जैसे ही इकलौते बेटे की मौत की खबर नवासी गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया।मृतक की पत्नी वीनू का रो-रोकर बुरा हाल है। विमल अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। बड़ी बेटी प्रतिज्ञा (9), शिवांगी (8), बेटा प्रिंस (7), पायल (5) और सबसे छोटी पलक (3) अभी इतनी छोटी हैं कि उन्हें यह भी एहसास नहीं कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।











